नोएडा में गिरफ्तार संदिग्ध युवक तुषार उर्फ हिज्बुल्ला बागपत का, ग्रामीणों में हो रही चर्चा
बागपत, 24 अप्रैल (हि.स.)। नोएडा से यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो आरोपिताें में से एक तुषार चौहान उर्फ हिज्बुल्ला अली मूल रूप से बागपत जिले के रमाला गांव का निवासी है। हालांकि, उसका परिवार पिछले करीब दो दशकों से मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में रह रहा है।
परिजनों के मुताबिक, तुषार कभी-कभी अपने गांव रमाला आता-जाता रहता था। हाल ही में 20 फरवरी को वह गांव आया था, जब उसके ताऊ रविन्द्र की पुत्री का निधन हुआ था। स्थानीय जानकारी के अनुसार, तुषार पहले भी मेरठ में आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में जेल जा चुका है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि तुषार की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह अक्सर असामान्य व्यवहार करता था। हालांकि, उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि वह कथित तौर पर किसी आपराधिक या देश-विरोधी गतिविधि में शामिल हो सकता है। गांव में तुषार के पिता शैलेन्द्र चौहान का पैतृक मकान जर्जर स्थिति में बताया जा रहा है, जबकि परिवार की करीब 10 बीघा कृषि भूमि ठेके पर दी गई है। फिलहाल, यूपी एटीएस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

