home page

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपित घायल, गिरफ्तार

 | 
नोएडा में पुलिस मुठभेड़ में हत्या का आरोपित घायल, गिरफ्तार


नोएडा, 07 मई (हि.स.)। नोएडा में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले एक आरोपित को थाना सूरजपुर पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के बाद घायल हालत में गिरफ्तार किया है। इसके एक अन्य साथी को पुलिस ने बुधवार सुबह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि साकीपुर गांव में रहने वाले साजन भाटी की कुछ लोगों ने बुधवार तड़के गोली मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में वांछित चल रहे वीर सिंह नामक बदमाश को थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। एक गोली उसके पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इस बदमाश की गिरफ्तारी तिलपता गांव के पास से हुई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके पास से पुलिस ने देशी तमंचा और कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। उन्होने बताया कि इस मामले में थाना पुलिस ने मंगेश्वर उर्फ टिल्लू को बुधवार सुबह को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। उसके दोनों पैर में गोली लगी थी। उन्होंने बताया कि जब मंगेश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई तब वीर सिंह उसकी कार में सवार था। इसने पुलिस पर गोली चलाई थी तथा मौके से भाग गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी