नोएडा में जान से मारने की नीयत से चलाई गोली, किशोर घायल
नोएडा, 06 अगस्त (हि.स.)। नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र के कस्बा जहांगीरपुर में रहने वाले एक व्यक्ति के ऊपर एक युवक ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गोली। गोली उक्त व्यक्ति को ना लगकर वहां से गुजर रहे 16 वर्षीय किशोर को जा लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि आमिर खान पुत्र असगर अली ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह कस्बा जहांगीरपुर में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार उन्होंने एक प्लाट शेर मोहम्मद से खरीदा था। उन्होंने शेर मोहम्मद को कई बार में पैसे दिए। इसी बीच शेर मोहम्मद का छोटा भाई भूरी उर्फ नजर उससे पैसा मांगने लगा। उसने कहा कि मैंने तुम्हारे भाई को पूरा पैसा दे दिया है। उनसे ले लो। पीड़ित के अनुसार इस बात से आक्रोशित भूरी ने बुधवार की रात को उसके ऊपर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इस घटना में पीड़ित बच गया, लेकिन वहां से गुजर रहे एक 16 वर्षीय किशोर उमर पुत्र अशफाक को गोली जा लगी। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित फरार है। उसकी तलाश मे आज सुबह से ही पुलिस की कई टीमें विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

