दीपक नागर हत्या कांड में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गुरुवार को छह आरोपित किेए गए गिरफ्तार
नोएडा, 21 मई (हि.स.)। नोएडा के थाना ईकोटेक- 3 पुलिस ने बीती रात को हुई दीपक नागर नामक युवक की हत्या के मामले में गुरुवार दोपहर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दाैरान चलाई गई गोली बदमाशाें के पैर में लगी है। इस मुठभेड़ के पहले सुबह इसी मामले में चार बदमाशों काे पुलिस आज तड़के गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार अब तक कुल छह आराेपित पकड़े जा चुके हैं जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात थाना ईकोटेक -तीन क्षेत्र के वैदपुरा गांव में दीपक नागर नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच कर रही पुलिस ने गुरुवार सुबह इस हत्याकांड में शामिल चार लोगों आकाश, मुलगी उर्फ पवन नवीन और अभय को गिरफ्तार किया था। इनकी गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद पुलिस काे सूचना प्राप्त हुई की दीपक की हत्या के मुख्य आरोपित जगत एवं हर्ष उर्फ राजेश अपने एक सहयोगी और घटना के मुख्य अभियुक्त प्रीत का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने उनको घेरा। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
पुलिस द्वारा चलाई गई गोली जगत और हर्ष को लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि इस कांड में अब तक छह आराेपिताें की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को जांच में पता चला है कि इस घटना के मुख्य आरोपित दो भाई हर्ष और प्रीत के पिता की वर्ष 2011 में हत्या कर दी गई थी। उस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता भी आरोपित थे। इसमें दीपक नागर के पिता बरी हो गए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, और एक व्यक्ति को आजीवन कारावास हुई थी। इस बात से हर्ष और प्रीत दीपक नागर के परिवार से बदला लेना चाह रहे थे।
वही दीपक नगर की हत्या की घटना के बाद आज उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। इस मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की। काफी समझाने बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

