बाइकर्स ने विभिन्न जगहों पर पांच लोगों के साथ की लूटपाट
नोएडा, 23 सितंबर (हि.स.)। नोएडा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइक सवार बदमाशों ने पांच लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट की। बदमाश चार लोगों के मोबाइल फोन, जबकि एक महिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-39 थाना के प्रभारी डीपी शुक्ला ने बुधवार को बताया कि काशीराम कॉलोनी सेक्टर-45 निवासी भानु प्रताप सिंह ने आज सुबह तहरीर दी है कि मंगलवार की शाम को वह घूमने निकले थे। तभी सेक्टर-44 के पास अज्ञात बदमाश उनका आईफोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
सेक्टर-49 थाना के प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सेक्टर-76 स्थित सेठी मैक्स रॉल सोसायटी निवासी निकिता पठानिया सुबह ऑटो से कंपनी जा रही थीं। थाना क्षेत्र में पहुंचते ही अज्ञात बदमाशों ने उनका आईफोन छीन लिया। पीड़िता के अनुसार फोन में महत्वपूर्ण निजी और बैंकिंग संबंधी जानकारी थी।
इसी तरह फेस-3 थाना के प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि गौर सिटी-02 निवासी अभिषेक सिंह बीती रात सेक्टर-62 जा रहे थे। बसई गांव के पास दो बदमाशों ने उनका आईफोन छीन लिया। इसी थाना क्षेत्र की दूसरी घटना में गढ़ी चौखंडी निवासी ईताश से परथला गोलचक्कर के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
बिसरख थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि दीपिका अरोड़ा बीती रात अपने बेटे के साथ महागुन माईवुड सोसायटी के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट लूट लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और तलाश में जुटी है।
उक्त सभी मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

