home page

अमेरिकन महिला के हीरे और सोने के जेवरात चोरी करने वाली घरेलू सहायिका गिरफ्तार

 | 
अमेरिकन महिला के हीरे और सोने के जेवरात चोरी करने वाली घरेलू सहायिका गिरफ्तार


नोएडा, 06 अप्रैल (हि.स.)। नोएडा में अमेरिकन नागरिक महिला के घर से लाखों रुपए कीमत के जेवरात चोरी करने वाली एक घरेलू सहायिका को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 2 लाख रुपए नगद बरामद हुआ है।

थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर 20 में एक फरवरी को श्रीमती सुभा गंगल पत्नी प्रफुल्ल मित्तल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह शिकागो अमेरिका की निवासी हैं। उनकी मां मीना सेक्टर 20 के डी- ब्लॉक में रहती हैं। पीड़िता के अनुसार वह एक शादी में भाग लेने के लिए भारत आई थी। वह अपनी मां के घर पर रुकी थी। उनके अनुसार उन्होंने अपने हीरे और सोने के जेवरात उतार कर अलमारी में रख दिया था। उनकी मां को घरेलू कार्य के लिए घरेलू सहायिका की जरूरत थी। 31 जनवरी को सुबह 9 बजे 2 अज्ञात महिलाएं घरेलू कार्य के लिए आई। पैसे आदि तय करने के बाद उन्हें घर के काम में उन लोगों ने लगा दिया। घर का कार्य करते-करते धोखा देकर उन्होंने घर में रखे हुए लाखों रुपए कीमत के हीरे और सोने के जेवरात चोरी कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार को एक सूचना के आधार रूबी देवी पत्नी मनोज शाह को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 2 लाख रुपए नगद बरामद हुए हैं। यह रकम उसने जेवरात बेचकर इकट्ठी की थी। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसकी एक साथी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी