home page

नोएडा में एक नाबालिग छात्रा समेत पांच लोगों ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच

 | 
नोएडा में एक नाबालिग छात्रा समेत पांच लोगों ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच


नोएडा, 07 मई (हि.स.)। नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाली एक छात्रा समेत पांच लोगों ने आत्महत्या कर लिया है। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि होशियापुर गांव में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी मीनू पुत्री महेंद्र कुमार ने बीती रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान किशोरी के परिजनों ने बताया कि उसने नौवी कक्षा पास किया था, तथा दसवीं कक्षा में उसका मनपसंद स्कूल में दाखिला नहीं हो पा रहा था। इस वजह से वह परेशान थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि का थाना क्षेत्र में रहने वाले विमल कुमार पुत्र लक्ष्मण प्रसाद उम्र 32 वर्ष मूल निवासी जनपद अलीगढ़ ने बीती रात को अपने घर पर अज्ञात कारण के चलते पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि वह कुछ दिनों से गृह क्लेश के चलते परेशान चल रहा था।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि बीती रात को थाना पुलिस को सूचना मिली कि श्रीमती नीतू मदान जो की ग्रेटर नोएडा वेस्ट के फ्यूजन होम सोसाइटी में रहती थी उन्होंने 18 वीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर लिया है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि नीतू मदान की शादी 6 साल पहले तरुण के साथ हुई थी। वह अपने पति के साथ फ्यूजन होम सोसाइटी के सातवीं मंजिल पर रहती थी। जबकि उनके ससुर 18 वीं मंजिल पर इसी सोसाइटी में अलग रहते थे। महिला ने अपने ससुर के फ्लैट से जाकर नीचे छलांग लगाकर आत्महत्या किया है। उन्होंने बताया कि मृतका के पति और मां से बातचीत कर आत्महत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। महिला ने कोई सुसाइड नोट नहीं लिखा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में ग्राम रोजा जलालपुर में रहने वाली कुमारी पिंकी पुत्री मैनपाल उम्र 20 वर्ष ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि झट्टा गांव में रहने वाला श्याम पुत्र रामकिशन उम्र 20 वर्ष ने आज लोहे की गाटर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि वह झट्टा गांव में अपने परिवार के लोगों के साथ रहता था, तथा वह एक निर्माणाधीन कंस्ट्रक्शन साइट में मजदूर के रूप में काम करता था।

-------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी