नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 25 वर्षीय युवक की मौत
नोएडा, 08 अप्रैल (हि.स.)। नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के बिसरख गांव में स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। मृतक के परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाया है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि अमन कुमार पुत्र चंद्रप्रकाश उम्र 25 वर्ष मूल निवासी जनपद मैनपुरी बिसरख गांव में स्थित नशा मुक्ति केंद्र करुणा दृष्टि सेवा फाउंडेशन में लगभग 4 महीने से रह रहे थे। उन्हें नशा मुक्ति केंद्र के लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मौत के कारण स्पष्ट न होने के चलते पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के लोगों पर कुछ आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

