home page

नोएडा : पुलिस मुठभेड़ मे दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

 | 
नोएडा : पुलिस मुठभेड़ मे दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


नोएडा, 03 नवंबर (हि.स.)। नोएडा की थाना फेस-दो पुलिस ने आज दोपहर को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट, चोरी और हत्या के प्रयास की कई वारदातें करनी स्वीकार की है। एक बदमाश के खिलाफ पूर्व में 13 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि आज दोपहर को थाना फेस-दो पुलिस भंगेल गांव के पास बैरियर लगाकर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोली चला दी। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अमन नामक बदमाश के पैर में लगी है। उसका एक साथी आकाश मौके से भाग गया था। पीछा करके पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक-एक देशी तमंचा, विभिन्न जगहों से लूटे हुए 6 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि अमन के खिलाफ पूर्व में लूटपाट, चोरी, हत्या के प्रयास सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी