नोएडा : 13 वर्षीय किशोरी को अगवा कर बलात्कार, पुलिस मुठभेड़ में आरोपित गिरफ्तार
नोएडा, 19 नवंबर (हि.स.)। नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल में रह रही 13 वर्षीय छात्रा को उसके पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय युवक ने बुधवार की मध्य रात्रि को अगवा कर लिया। उसने खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट कर बलात्कार किया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आज दोपहर को मुठभेड़ के दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र में अपने मामा के घर पर एक 13 वर्षीय किशोरी रहती थी। वह एक स्कूल से पढ़ाई कर रही थी। बीती रात को पड़ोस में रहने वाला रोहित उर्फ चंद्रा (19 वर्ष) उसको रात एक बजे के करीब घर से अगवा करके ले गया। उसने खेत में ले जाकर किशोरी के साथ मारपीट कर उसके साथ जबरन बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आज तड़के किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी ने बताया कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। उसका डाक्टरी परीक्षण करवाया गया। उन्होंने बताया कि आरोपित की तलाश में पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी बंबावड़ गांव के पास से वह जाता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित किशोरी आरोपित को मामा कहती थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

