नोआपाड़ा में भाजपा नेता के घर पर फायरिंग, दो गिरफ्तार
उत्तर 24 परगना, 03 मई (हि. स.)। जिले के नोआपाड़ा इलाके में मतगणना से पहले तनाव एक बार फिर बढ़ गया, जब शनिवार रात गारुलिया इलाके में एक भाजपा नेता के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता कुंदन सिंह के घर के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने पहुंचकर दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। रविवार को घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है (हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि हिन्दुस्थान समाचार ने नहीं की है)।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दो युवक बाइक से आकर घर के सामने रुके। पीछे बैठे युवक ने उतरकर घर की ओर गोली चलाई और फिर दोनों मौके से भाग निकले। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान आकाश चौधरी और अमनदीप चौधरी के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की गई है। जिस हथियार से फायरिंग की गई, उसे भी बरामद कर लिया गया है और उसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
बैरकपुर के भाजपा नेता कुंदन सिंह ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस से जुड़े असामाजिक तत्वों का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी के आधार पर हमलावरों की पहचान कर ली गई है। नोआपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह ने भी इसी तरह का आरोप लगाया है।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि मतगणना से पहले इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, नोआपाड़ा से तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी तृणांकुर भट्टाचार्य ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह आरोपितों को नहीं जानते और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरी ओर, जगदल विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल प्रत्याशी सोमनाथ श्याम ने पलटवार करते हुए दावा किया कि यह हमला भाजपा द्वारा खुद ही रचा गया हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

