अनूपपुर: चौकी प्रभारी पर हमले के आरोपितो को 3 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग
अनूपपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सरई पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई मंगला दुबे और प्रधान आरक्षक पर हमला करने वाले तीन अज्ञात बदमाशों का सुराग घटना के तीन दिन बाद शुक्रवार को भी नहीं लग सका है।
22 अप्रैल को हुई घटना के बाद बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर प्राणघातक हमला कर सर्विस रिवाल्वर लूट ली थी। अब पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की अपील की है।
ज्ञात हो कि चौकी प्रभारी को ग्राम पंचायत अमगवां में तीन अज्ञात युवकों द्वारा बकरी चोरी और उपद्रव मचाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे एएसआई मंगला दुबे और प्रधान आरक्षक मरावी ने जब भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, तो एक आरोपी ने पत्थर से प्रभारी के सिर पर हमला कर दिया। उनके गिरते ही आरोपी सर्विस रिवाल्वर लूटकर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि हमलावर जिस दो पहिया वाहन को छोड़कर भागे हैं, वह करीब एक साल पहले घुनघुटी-तुम्मी रोड से लूटी गई थी।
पुलिस अघीक्षक मोती उर रहमान के अनुसार, प्रबल आशंका है कि पिछले एक वर्ष से इस बाइक का उपयोग करने वाले गिरोह ने ही पुलिस टीम पर हमला किया है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की दो विशेष टीमें उमरिया जिले और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में भेजी गई थीं, जो शुक्रवार को खाली हाथ लौट आईं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है और तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।
सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम
एसपी ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस बाइक या संदिग्धों के बारे में जानकारी मिले, तो वे मोबाइल नंबर 7049101013 पर सूचित करें। पुलिस ने जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने और उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

