home page

अपडेट : न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास हथियारों का जखीरा बरामद

 | 
अपडेट : न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास हथियारों का जखीरा बरामद


सिलीगुड़ी, 10 नवंबर (हि. स.)। न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से 150 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह निताई शील नामक एक व्यक्ति ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से महज कुछ दुर फुलेश्वरी स्थित इंडियन ऑयल डिपो के पास एक लावारिस बैग पड़ा देखा। संदेह होने पर उन्होंने बैग की जांच की तो उसके अंदर भारी मात्रा में कारतूस मिले। उन्होंने एनजेपी थाने को इसकी सूचना दी।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बैग को जब्त कर उसमें रखे कारतूसों को बरामद किया। महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन और डिपो के नजदीक इस तरह हथियारों का जखीरा मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना पर चिंता जताते हुए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि वह पूरे मामले को लेकर सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट से बातचीत करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस कहां से आए और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है।

मंत्री ने मामले की गहन जांच की आवश्यकता पर जोर दिया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर से बातचीत के बाद वह इस संबंध में विस्तार से जानकारी दे पाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार