home page

न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से साढ़े आठ लाख रुपये के पुराने नोटों के साथ एक गिरफ्तार

 | 
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से साढ़े आठ लाख रुपये के पुराने नोटों के साथ एक गिरफ्तार


न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से साढ़े आठ लाख रुपये के पुराने नोटों के साथ एक गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 29 अगस्त (हि.स.)।पांच सौ और हजार रुपये के पुराने नोटों की बड़ी खेप लेकर ट्रेन से सफर कर रहे एक युवक को सिलीगुड़ी जीआरपी और न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) जीआरपी की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान संतोष कुमार (25) के रूप में हुई है। वह बिहार के मोतिहारी का रहने वाला है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी जीआरपी की एसओजी और एनजेपी जीआरपी की सादे कपड़ों में पुलिस टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर अभियान चलाया। डाउन सरायघाट एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंचने के बाद जनरल कोच में तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने संतोष कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा और पूछताछ की। उसके जवाबों में असंगतियां मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद उसकी पीठ पर मौजूद बैग की तलाशी ली गई, जिसमें पुराने 500 और 1000 रुपये के नोटों की कई गड्डियां बरामद हुई।

बरामद नोट साढ़े आठ लाख रूपये से अधिक है। इसके बाद पुलिस ने संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि युवक गुवाहाटी से ट्रेन में सवार हुआ था। शनिवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने जांच के लिए उसकी हिरासत की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार