home page

राजगढ़ में फोनपे के जरिए 94 हजार की साइबर ठगी, कपड़ा व्यापारी के खाते से उड़ाई रकम

 | 
राजगढ़ में फोनपे के जरिए 94 हजार की साइबर ठगी, कपड़ा व्यापारी के खाते से उड़ाई रकम


राजगढ़, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में एक कपड़ा व्यापारी साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात साइबर अपराधी ने फोनपे से जुड़े बैंक खाते से 94 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सियाकी बाड़ी निवासी प्रियांश पुत्र हरिसिंह शिवहरे (28) कपड़े की दुकान संचालित करता है और डिजिटल भुगतान के लिए फोनपे का उपयोग करता है। पीड़ित ने बताया कि 29 सितंबर को उसका मोबाइल दुकान पर रखा हुआ था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर बैंक खाते से लगातार रकम कटने के संदेश आने लगे।

संदेह होने पर उसने तुरंत खाते का बैलेंस और बैंक स्टेटमेंट चेक किया। जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने 10-10 हजार रुपये की नौ ट्रांजेक्शन और 4 हजार रुपये की एक ट्रांजेक्शन कर कुल 94 हजार रुपये खाते से निकाल लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई और राशि वापस पाने का प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने ब्यावरा सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला साइबर ठगी का प्रतीत हो रहा है। साइबर सेल की सहायता से लेन-देन और संबंधित खातों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक