रामनगर से अपहृत नौ साल का बच्चा सकुशल बरामद, फिरौती मांगने के आरोप में पांच गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण (बगहा), 19 अक्टूबर (हि.स.)। बगहा पुलिस जिला के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित सेरहवा देवराज गांव के मसान नदी पुल से अपहृत नौ वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपित को गिरफ्तार किया है। अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को छोड़ने के एवज में 20 लाख रुपया की फिरौती मांगी थी और रकम नहीं देने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी दी थी।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 14 अक्टूबर को करीब 11 बजे दिन में शादीक अंसारी (9) मसान नदी पुल पर खेल रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। बच्चा के पिता अब्दुल कैश अंसारी के आवेदन पर रामनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान 17 और 18 अक्टूबर को फोन के जरिए बच्चा के परिजन से संपर्क कर 20 लाख रुपया की फिरौती मांगी गई। अपहरणकर्ताओं ने 18 अक्टूबर की शाम भितिहरवा आश्रम में फिरौती की रकम लेकर आने को कहा था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे।पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामनगर के नेपाली टोला स्थित एक दुकाननुमा कमरा में छापेमारी कर बच्चा को सकुशल बरामद किया।
पुलिस ने मौके से मो. नेयाज अहमद और अफरीदा खातून को पकड़ा। मामले में मिक्की जायसवाल और सुल्तान आलम को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि अपहरण में इस्तमाल मोटरसाइकिल नासीर अली के पास से बरामद की गई। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है।
छापेमारी के दौरान कमरे की तलाशी में एक देशी रिवॉल्वर और दो कारतूस भी मिला। इस संबंध में रामनगर थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने में इस्तेमाल किए गये मोबाइल फोन तथा बच्चा को अगवा करने में प्रयुक्त हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
कार्रवाई में रामनगर और बगहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न थाना के थानाध्यक्ष, अंचल निरीक्षकों तथा जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी और कर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

