पन्ना : शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह के 9 आरोपी गिरफ्तार
पन्ना, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर वसूली करने वाले सक्रिय ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई कार्रवाई में गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पत्रकार वार्ता में एसपी ने बताया कि फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी (43), निवासी नयागांव धरमपुर, ने थाना बृजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व एक परिचित के माध्यम से उसकी शादी के लिए ग्राम उडकी सिंहपुर निवासी लल्लू चौधरी से संपर्क हुआ। तय योजना के अनुसार 23 फरवरी को फरियादी अपने साथियों के साथ बुलेरो वाहन से पहाड़ीखेड़ा लड़की देखने पहुंचा।
मिश्रा ढाबा के पास लल्लू चौधरी दो लड़कियों और एक महिला के साथ मिला। यहां शादी के नाम पर रुपयों की मांग की गई। जब फरियादी के साथियों ने पैसे देने से इनकार किया तो उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो से आए आरोपियों ने फरियादी को वाहन में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने उससे एक लेनोवो कंपनी का टैबलेट, 20 हजार रुपये नगद तथा यूपीआई पासवर्ड हासिल कर बैंक खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में उसे सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। मामले में धारा 127(2), 308(5), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बृजपुर उपनिरीक्षक शक्ति पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। 26 फरवरी को मुखबिर सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी के साथ मिलकर साजिशपूर्वक ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो कार, सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल, फरियादी का टैबलेट तथा 10 मोबाइल फोन (8 एंड्रॉयड, 2 कीपैड) जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में 3 आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज पटेल (22) निवासी चिरहुला थाना बिछिया, प्रद्युम साकेत (24) निवासी कोठी थाना बिछिया, अंकित साहू (19) निवासी मढ़ी थाना मनगवां, सूरज प्रजापति (25) निवासी चिरहुला थाना बिछिया (सभी जिला रीवा), सोनू अग्निहोत्री (28) निवासी वंशिया जिला छतरपुर, सोनू खैरवार (20) निवासी मझगवां जिला सतना, ओमप्रकाश सिंह (42) निवासी बेला थाना रामपुर बघेलान जिला सतना, श्रीमती विमला साकेत (35) निवासी टिकरी थाना मनगवां जिला रीवा तथा श्रीमती आरती साकेत (26) निवासी कोठी थाना बिछिया जिला रीवा शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

