home page

घर बैठे कमाई का झांसा देकर 9.65 लाख की ठगी

 | 
घर बैठे कमाई का झांसा देकर 9.65 लाख की ठगी


गाजियाबाद, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में रहने वाले व्यक्ति के साथ साइबर अपराधियों ने घर बैठे कमाई का झांसा देकर साढ़े नौ लाख रुपये ठग लिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस उपायुक्त क्राइम पीयूष कुमार सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो निवासी सुभाष चंद शर्मा ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मार्च 2026 में उनके पास टेलीग्राम के माध्यम से पार्ट टाइम ऑनलाइन काम का प्रस्ताव आया। संपर्क करने वाले लोगों ने दावा किया कि उन्हें गूगल रिव्यू और रेटिंग देने का आसान काम करना होगा, जिससे प्रतिदिन अच्छी आय हो सकती है। शुरुआत में कुछ टास्क पूरे कराने के बाद उनके खाते में छोटी-छोटी रकम भेजी गई।

इससे उन्हें विश्वास हो गया कि काम सही है। इसके बाद उन्हें एक अन्य व्यक्ति से जोड़ा गया, जिसने क्रिप्टो से जुड़े टास्क पूरे करने को अनिवार्य बताया। शुरुआत में कुछ हजार रुपये निवेश कराने के बाद उन्हें अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। आरोपी लगातार यह कहते रहे कि निर्धारित संख्या में टास्क पूरे होने के बाद उन्हें नियमित कर्मचारी बना दिया जाएगा और उनकी आय कई गुना बढ़ जाएगी। पीड़ित के मुताबिक कुछ समय बाद उनसे कहा गया कि उन्होंने गलती से गलत क्रिप्टो अकाउंट में निवेश कर दिया है, जिसके कारण उनकी रकम फ्रीज हो गई है। उसे अनफ्रीज कराने के लिए अतिरिक्त राशि जमा करने को कहा गया।

उन्होंने बताया कि बाद में क्रेडिट स्कोर कम होने, अकाउंट अपग्रेड करने और बड़े अमाउंट की निकासी के लिए विशेष खाते को सक्रिय कराने जैसे बहाने बनाकर लगातार रुपये जमा कराए गए। पीड़ित का कहना है कि ठगों ने भरोसा बनाए रखने के लिए एक-दो बार उनके खाते में कुछ रकम वापस भी भेजी। जब निवेश की गई राशि लाखों रुपये तक पहुंच गई तो उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने कहा कि पूरी रकम निकालने से पहले कुल राशि का 30 प्रतिशत टैक्स जमा करना होगा। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने संबंधित लोगों से मिलने की बात कही। आरोपियों ने बेंगलुरु स्थित एक कार्यालय का पता दिया, लेकिन वहां जांच कराने पर बताए गए नाम के कोई व्यक्ति नहीं मिले। पीड़ित के मुताबिक जालसाजों ने उनसे कुल 9.65 लाख रुपये ठग लिए। एडीसीपी का कहना है कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी