home page

आपसी विवाद और झगड़े की आशंका : नौ दिन की बच्ची हाथ से छिटकी, मौत

 | 
आपसी विवाद और झगड़े की आशंका : नौ दिन की बच्ची हाथ से छिटकी, मौत


जोधपुर, 25 नवम्बर (हि.स.)। शहर के बनाड़ स्थित गुजरावास खुर्द गांव में झोपड़पट्टी में रहने वाले दो पड़ौसियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के चलते नौ दिन की बच्ची अपनी मां के गोद से नीचे गिर गई और उसकी मौत हो गई। बच्ची के परिजन ने मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है। बच्ची के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। जांच एसीपी मंडोर अनिल शर्मा की तरफ से की जा रही है।

बनाड़ थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि गुजरावास खुर्द गांव में झोपड़ पट्टी में रहने वाले परिवार का आरोप है कि उसके पड़ौस में एक अन्य परिवार झोपड़पट्टी में रहता है। 23-24 नवंबर की मध्य रात को पड़ौस के परिवार के लोग आए विवाद किया। परिवार पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया। इस बीच विवाद में पीडि़त परिवार की नौ दिन की बच्ची गोद से गिर गई और उसकी मौत हो गई।

थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है। हालांकि शरीर पर जाहिरा कोई चोट के निशान नहीं मिले है। दोनों के बीच आपसी विवाद हुआ था, झगड़ा होने जैसी बात पर भी संशय बना है। फिलहाल प्रकरण दर्ज किया गया है, अग्रिम जांच एसीपी मंडोर द्वारा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश