गाय की हत्या कर मांस खाने के मामले में नौ आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
बलरामपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रनहत चौकी क्षेत्र के चंदौरा गांव में गाय की हत्या कर मांस खाने के मामले में पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपितों को उनके ठिकानों से घेराबंदी कर पकड़ा गया और आज सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक चंदौरा निवासी सुदन हड्डे ने 23 सितंबर को अपनी लाल रंग की गाय के चराने के दौरान जंगल में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आसपास तलाश करने के बाद भी गाय का पता नहीं चला। 24 सितंबर को धर्मजीत अगरिया के घर के पास शौचालय के लिए बनाए गए सोखता में गाय के चार कटे हुए पैर मिलने के बाद मामले की जानकारी सामने आई।
मामले को लेकर गांव में पंचायत की बैठक हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में राजेश कुम्हरिया, प्रदीप चरगट, धर्मजीत अगरिया, रविशंकर, अमरसाय, नघुराम, कोमला, फुलबसिया और रेशमा उर्फ हुगली ने गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात स्वीकार की।
रनहत पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत बीएनएस की धारा 325, 3(5) और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धाराओं 4, 6 और 10 के तहत कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

