home page

निकाह से पहले युवती लापता, युवक पर बहला कर भगा ले जाने का आरोप

 | 
निकाह से पहले युवती लापता, युवक पर बहला कर भगा ले जाने का आरोप


फतेहपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में निकाह के एक दिन पहले एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बावजूद युवती का कोई सुराग न मिलने पर शनिवार को परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

धाता थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को तहरीर देते हुए बताया गया कि उनकी बेटी का निकाह 04 जून को तय था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि निकाह के एक दिन पहले करीब तीन बजे युवती अचानक घर से गायब हो गई। सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि शाहबाज नामक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिवार ने अपनी खोजबीन और उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवक के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। धाता थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए एक टीम गठित की है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से युवती का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर गंभीरता से जांच की जा रही है। युवती को बरामद करने के लिए संभावित जगहों पर तलाश की जा रही है। जल्द ही लापता युवती को बरामद कर लिया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार