वाहन चाेरी के मामले में शातिर चोर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले के थाना निहाल विहार पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तीन चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने साेमवार काे जानकारी देते हुए बताया कि पांच अप्रैल को निहाल विहार क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल में दो वाहन चोरी की घटनाएं सामने आईं। दोनों मामलों में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने के प्रयास शुरू किए गए। साथ ही, स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया, जिससे आरोपित के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसी दिन चंदर विहार इलाके में छापेमारी कर 22 वर्षीय संदीप सिंह को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने दोनों वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई, जो हाल ही में चोरी की गई थीं।
वहीं पूछताछ में आरोपित ने एक और खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर करीब एक महीने पहले भी एक स्कूटी चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर विकासपुरी एक्सटेंशन क्षेत्र से एक और चोरी की स्कूटी बरामद की।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित संदीप पहले से ही पांच अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

