home page

डीटीसी बस की चपेट में आकर दो की मौत, गुस्साई भीड़ ने बसों में की तोड़फोड़

 | 
डीटीसी बस की चपेट में आकर दो की मौत, गुस्साई भीड़ ने बसों में की तोड़फोड़


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआा। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक तेज रफ्तार लो-फ्लोर बस ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल है।

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने कई बसों में तोड़फोड़ की और एक बस को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार यह हादसा नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बस चालक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर खड़ी करीब दर्जन भर बसों में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान एक बस को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार सुबह करीब 10:10 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी