निहाल विहार में विवाद के बाद व्यक्ति की मौत, दो आरोपित हिरासत में
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। बाहरी जिले के निहाल विहार इलाके में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के आधार पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर दो आरोपितों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, डीडीयू अस्पताल से सूचना मिली थी कि निहाल विहार निवासी नारायण वर्मा (50) को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि 16 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वीर बाजार चौक के पास नारायण वर्मा का दो लोगों के साथ विवाद हुआ था।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले, जिससे मामला शुरू में संदिग्ध बना रहा। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच के दौरान सामने आया कि विवाद के बाद ही व्यक्ति की हालत बिगड़ी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इस आधार पर पुलिस ने 17 अप्रैल को निहाल विहार थाने में एफआईआर संख्या 271/26 के तहत धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) में मामला दर्ज कर लिया। मामले में कथित रूप से शामिल दोनों आरोपित भगत सिंह (45) और बाबू सिंह (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस वजह से हुआ था और घटना के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं। फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

