पुलिस ने नेपाली शराब के साथ युवक काे किया गिरफ्तार, साथी फरार
सुपौल, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
सोमवार काे राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि राघोपुर थाना में पदस्थापित एसआई मुकुल आजाद रविवार की रात करीब 10 बजे पुलिस बल के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी क्रम में रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस को रामनगर रोड स्थित मछली आरहत के समीप एक बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। इसी दौरान पीछे बैठा युवक प्लास्टिक के बोरे के साथ गिर गया, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
गिरे हुए युवक को पुलिस ने पकड़ लिया, जिसकी पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड 8 गांधीनगर निवासी राजु कुमार झा के रूप में किया गया। उसके बाद तलाशी के दौरान उसके पास में मौजूद तीन प्लास्टिक बोरे की जांच की गई। जांच में कुल 180 बोतल नेपाली ‘दिलवाले सोफी’ देशी शराब (प्रत्येक 300 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 54 लीटर बताई गई है। गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में फरार बाइक चालक की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र निवासी धीरेन्द्र कुमार के रूप में बताई गई। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर गिरफ्तार आरोपी को लेकर थाना पहुचीं, जहां उनके खिलाफ थाना में कांड संख्या दर्ज कर गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

