home page

जयपुर में 55 लाख की कोकीन और एमडी के साथ नाइजीरियन ड्रग्स माफिया गिरफ्तार

 | 
जयपुर में 55 लाख की कोकीन और एमडी के साथ नाइजीरियन ड्रग्स माफिया गिरफ्तार


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राजधानी जयपुर में अवैध मादक पदार्थ तस्करों और ड्रग्स माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और शिप्रापथ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। जहां पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क पर प्रहार करते हुए एक नाइजीरियन नागरिक को व्यावसायिक मात्रा में कीमती कोकीन और एमडी (ड्रग्स) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल आरोपित तस्कर से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि शिप्रापथ थाना इलाके में स्थित होटल गंगा श्रेय इन (एसएफएस मानसरोवर) के बाहर एक नाइजीरियन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई देने के लिए खड़ा है। इस सूचना पुख्ता होने पर सीएसटी और शिप्रापथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध नाइजीरियन व्यक्ति को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से कोकीन 102 ग्राम (वाणिज्यिक/कमर्शियल मात्रा) और एमडी (ड्रग्स) 17 ग्राम नशीले पदार्थ बरामद हुए।। जिस पर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में टोचुकवू डेविड (44) को गिरफ्तार किया है। आरोपित मूल रूप से नाइजीरिया देश के अनाम्ब्रा स्टेट का रहने वाला है।

पुलिस अब आरोपित से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीले पदार्थ जयपुर में किसे सप्लाई करने आया था और इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के तार दिल्ली या अन्य किन राज्यों से जुड़े हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश