एनआरआई बनकर भारतीय महिलाओं से शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला नाइजीरियन गिरफ्तार
नोएडा, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले की थाना सूरजपुर पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से महिलाओं की जानकारी हासिल कर उनसे दोस्ती और शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 67 एटीएम, डेबिट कार्ड, 8 स्मार्टफोन, 8 कीपैड तथा 5 लाख रुपए नगद और एक होंडा सिटी कार बरामद हुई है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने शनिवार को बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर विदेशी नागरिक ओयोटोला औरेमैड पुत्र बेंजामिन को ओमिक्रान-थ्री सर्विस रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपित स्टूडेंट वीजा लेकर भारत आया था। यह लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम पर पहले सिम खरीदता था। फिर उनके बैंक खातों की जानकारी प्राप्त कर इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर साइबर ठगी करता था। आरोपित मेट्रो मोनियल साइट पर महिलाओं से एनआरआई बनकर शादी के नाम पर दोस्ती करता था। महंगा गिफ्ट भेजने के नाम पर कस्टम ड्यूटी आदि के नाम पर साइबर ठगी कर, खातों में पैसा मंगाकर, उन पैसों को मोबाइल बैंकिंग व एटीएम के माध्यम से विड्रोल कर लाभ प्राप्त करता था। आरोपित ने कई महिलाओं को अपने जाल में फंसा कर एनआरआई होने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये की ठगी की है।
आरोपित सोशल मीडिया पर खुद को एनआरआई बताकर प्रोफाइल पर सुंदर-सुंदर लोगों की फोटो लगाता था, जिससे महिलाएं इसके जाल में फंस जाती थी। पुलिस ने आरोपित के गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भज दिया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

