home page

क्लब मेंबरशिप के नाम पर निफ्ट के असिस्टेंट प्रोफेसर से 2.86 लाख की धोखाधड़ी

 | 
क्लब मेंबरशिप के नाम पर निफ्ट के असिस्टेंट प्रोफेसर से 2.86 लाख की धोखाधड़ी


जोधपुर, 06 नवम्बर (हि.स.)। करवड़ थाना इलाके में निफ्ट के सहायक प्रोफेसर और उनकी पत्नी के साथ क्लब की मेंबरशिप के नाम पर 2.86 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त ने गलत जानकारी देकर रुपए वसूलने का आरोप लगाते हुए राशि वापस दिलाने की मांग की है।

करवड़ थाने में दी रिपोर्ट में निफ्ट के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुनीत कुमार ने क्लब एक्सोटिका लग्जरी और उसके प्रतिनिधियों पर हॉलिडे मेंबरशिप के नाम पर धोखाधड़ी कर 2 लाख 86 हजार रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने पीडि़त से संपर्क किया था। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने पीडि़त की पत्नी को फोन कर 1 नवंबर 2026 को जोधपुर के रेडिसन होटल में प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया। यहां कंपनी के प्रतिनिधियों राखी, निशिथ और शेख ने 10 साल की होटल एवं हॉलिडे मेंबरशिप योजना के बारे में जानकारी दी। पीडि़त का आरोप है कि प्रतिनिधियों ने मेंबरशिप की राशि मासिक और सालाना किस्तों में जमा कराने की सुविधा बताई, लेकिन उसी दिन बड़ी रकम जमा कराने के लिए दबाव बनाया।

पीडि़त के अनुसार, 1 नवंबर को एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 75 हजार रुपए और फोन पे के माध्यम से 11 हजार रुपए का भुगतान किया। इस तरह कुल 2 लाख 86 हजार रुपए कंपनी को दिए गए। इस पैकेज में उन्हें क्लब में 7 दिन छुट्टियां मनाने का ऑफर दिया गया था। पीडि़त के अनुसार, उन्हें राशि किस्तों में जमा कराने की बात कही गई थी, लेकिन पूरी राशि एक साथ ही काट ली गई।

इसके बाद में मेंबरशिप की वास्तविक शर्तों की जानकारी मिलने पर उन्हें लगा कि यह पैकेज मेरे लिए उपयुक्त नहीं है। प्रेजेंटेशन के भ्रामक जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने कंपनी के नियम-शर्तों के तहत 2 नवंबर को ही कंपनी को ईमेल भेजकर मेंबरशिप रद्द करने और पूरी राशि वापस करने की मांग की।

राशि वापस दिलाने और कानूनी कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट में पीडि़त ने यह भी बताया कि उन्होंने या उनके परिवार के किसी सदस्य ने कंपनी की ओर से किसी होटल बुकिंग, हॉलिडे सुविधा अथवा अन्य सेवा का लाभ नहीं लिया है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से अब तक राशि वापस नहीं की गई और न ही संतोषजनक समाधान दिया गया है। पुलिस से मामले की जांच कर कंपनी एवं संबंधित प्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी पूरी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश