home page

झूला झूलते समय गिरा जर्जर ईंटों का खंभा, छह साल की बच्ची की मौत

 | 

नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। नरेला इंडस्ट्रियल एरिया (एनआईए) थाना क्षेत्र के मेट्रो विहार, होलंबी खुर्द में एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची रस्सी के झूले पर झूल रही थी, तभी उससे बंधा पुराना और जर्जर ईंटों का खंभा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार छह जून को सूचना मिली थी कि एक बच्ची नाले में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां छह वर्षीय बच्ची अचेत अवस्था में एक ढंके हुए सेफ्टी टैंक के ऊपर पड़ी मिली। पुलिस ने तत्काल उसे सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल (एसआरएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर ईंटों का एक पुराना खंभा था, जो काफी जर्जर हालत में था। खंभे के एक सिरे से रस्सी बंधी हुई थी, जबकि दूसरा सिरा पास की दीवार की ग्रिल से बंधा था। स्थानीय बच्चे उसी रस्सी का झूले के रूप में इस्तेमाल करते थे। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय बच्ची झूला झूल रही थी। इसी दौरान कमजोर हो चुका ईंटों का खंभा अचानक ढह गया और उसके नीचे बच्ची दब गई। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई।

मृत बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जर्जर खंभा वहां कब से मौजूद था और उसकी स्थिति को लेकर पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची रोज की तरह खेल रही थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि खेल-खेल में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। पुलिस ने कहा है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी