home page

एनएच-27 पर पुलिस ने 249 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार

 | 
एनएच-27 पर पुलिस ने 249 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार


सुपौल, 06 जून (हि.स.)। जिले में भीमपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच-27) पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

कार्रवाई के दौरान दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब ले जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भीमपुर वार्ड संख्या 14 के समीप नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति सुजुकी कार (बीआर 10एएल-0193) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से कुल 249 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके पर पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद समरुल, निवासी फंसीदाबाद थाना क्षेत्र, तथा राजा मंडल, निवासी बागडोगरा थाना क्षेत्र, जिला दार्जिलिंग के रूप में हुई है।

भीमपुर थाना अध्यक्ष मिथलेश पांडे ने बताया कि बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र