home page

अंबिकापुर : नेशनल हाईवे-43 पर डीजल चोरों का आतंक, खड़ी ट्रेलर से 300 लीटर डीजल चोरी

 | 
अंबिकापुर : नेशनल हाईवे-43 पर डीजल चोरों का आतंक, खड़ी ट्रेलर से 300 लीटर डीजल चोरी


अंबिकापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में एक बार फिर नेशनल हाईवे-43 पर डीजल चोर गिरोह की सक्रियता सामने आई है। लंबे समय बाद पुनः सक्रिय हुए इस गिरोह ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जिससे वाहन चालकों और मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि इस गिरोह में अधिकतर स्थानीय युवा शामिल हैं, जो खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर उसे कम दामों में स्थानीय वाहनों में खपा देते हैं।

दरअसल, देर रात ग्राम बालमपुर स्थित यादव ढाबा के सामने खड़ी ट्रेलर क्रमांक सीजी 15-ईसी-1701 से चोरों ने टंकी का ताला तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। उक्त ट्रेलर रायगढ़ से लोहे का माल लेकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जा रहा था। रात होने के कारण चालक ने ट्रेलर को ढाबे के पास खड़ा कर विश्राम किया, इसी दौरान गिरोह ने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रेलर मालिक अंबिकापुर निवासी क्षितिज साहू ने तत्काल थाने में डीजल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर भी स्थानीय सूत्रों के माध्यम से गिरोह की जानकारी जुटानी शुरू की। सूत्रों से पता चला कि चोर स्थानीय युवक हैं, तब वाहन मालिक ने अपने लोगों को ग्राहक बनाकर चोरी का डीजल खरीदने के बहाने भेजा ताकि गिरोह को पकड़वाया जा सके।

वाहन मालिक के अनुसार, इस पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को देने के बाद उन्होंने एक प्रधान आरक्षक और आरक्षक को मौके पर भेजने की बात कही थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही डीजल चोर गिरोह के सदस्य को खबर लग गई कि पुलिस आने वाली है। खबर मिलते ही आरोपित चोरी का डीजल लेकर मौके से फरार हो गया।

ट्रेलर मालिक ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती तो चोर को रंगे हाथों पकड़ा जा सकता था। उन्होंने प्रधान आरक्षक के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई और कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा कार्रवाई में देरी के कारण आरोपित बच निकला। वाहन मालिक ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

इधर पुलिस ने डीजल चोरी के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि देर रात ट्रेलर से हुई डीजल चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपिताें का कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह