home page

दीपावली पर श्रमिकों को 5100 रूपये बोनस देने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश की खबर निकली फर्जी, मुकदमा दर्ज

 | 
दीपावली पर श्रमिकों को 5100 रूपये बोनस देने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश की खबर निकली फर्जी, मुकदमा दर्ज


नोएडा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में अज्ञात लोग एक बार फिर से श्रमिकों को उग्र करने की फिराक में है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर एक समाचार पत्र (दैनिक जागरण) की कटिंग लगाकर यह बात प्रसारित किया है कि दीपावली पर कर्मचारियों को 5 नवंबर तक वेतन के साथ 5100 रूपये बोनस देने का सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी किया है। जब पुलिस ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह खबर फर्जी है। इस मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने समाचार पत्र की तरफ से मुकदमा दर्ज करवाया गया है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बुधवार काे बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश में दावा किया गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने सभी निजी और सरकारी कंपनियों को 5 नवंबर तक कर्मचारियों के खाते में वेतन के साथ 5100 रूपये दिवाली का बोनस भेजने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संदेश वायरल होने के बाद श्रमिकों ने भ्रम की स्थिति पैदा होने लगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की गई तो यह मामला झूठा और भ्रामक निकला। उन्होंने बताया कि इस मामले में समाचार पत्र दैनिक जागरण के अधिकारी नितेंद्र श्रीवास्तव की शिकायत पर आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी