home page

सीवान में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

 | 

सीवान, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में सोमवार की सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है, जो शंकरपुर निवासी आकाश शर्मा की पत्नी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। मामले को लेकर पुलिस ने ससुराल पक्ष के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका के परिजन, जो सिसवन थाना क्षेत्र के किशुनबारी गांव के निवासी हैं, ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के पिता रमन शर्मा ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व उनकी पुत्री प्रियंका ने अपनी मर्जी से शंकरपुर निवासी रामजी शर्मा के पुत्र आकाश शर्मा से विवाह किया था। सोमवार सुबह उन्हें हुसैनगंज थाना के थानाध्यक्ष द्वारा सूचना दी गई कि उनकी पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

रमन शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या ससुराल वालों द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद से ही उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने प्रताड़ना के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इधर, गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर वैवाहिक उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma