home page

अनूपपुर: नवविवाहिता ने घर में लगाई फांसी, मौत

 | 
अनूपपुर: नवविवाहिता ने घर में लगाई फांसी, मौत


अनूपपुर, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय के पुरानी बस्ती में बुधवार की दोपहर 21 वर्षीय नवविवाहिता हेमा वंशकार पति राज वंशकार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आनन-फानन में हेमा को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सालय से मिली सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया। नवविवाहिता का मामला होने के कारण शाम को डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल और नायब तहसीलदार एमडी चक्रवर्ती ने परिजनों के बयान दर्ज करवाए और पीएम की प्रक्रिया पूरी कराई।

परिजनों के अनुसार, हेमा की शादी लगभग एक साल पहले राज वंशकार से हुई थी। घटना से दो दिन पहले ही वह अपने पति के साथ कोतमा स्थित एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटी थी। दोपहर में अज्ञात कारणों से उसने अपने घर में फांसी लगा ली।

परिजनों ने बताया कि घटना से पहले हेमा ने मोबाइल फोन पर किसी से बात की थी। घटना के समय पति किसी काम से बाजार गया हुआ था और घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। परिजनों के मुताबिक, फंदे से नीचे उतारने के बाद वह जीवित थी और उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोपहर 3:30 बजे मायका पक्ष के जिला अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शाम पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान मायके पक्ष ने घटना पर नाराजगी जताई, हालांकि उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। पुलिस चौकी प्रभारी मंसाराम मार्को ने बताया कि आत्महत्या के कारण अज्ञात हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला