ससुराल वालों ने नौकरी करने से रोका तो नव विवाहिता ने की आत्महत्या
नोएडा, 23 मार्च (हि.स.)। ससुराल वालों द्वारा नौकरी करने से रोकने पर 19 वर्षीय विवाहिता ने सोमवार को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने बताया कि दीपिका पत्नी निशांत कुमार उम्र 19 वर्ष थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में रहती थी। उनकी एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से जनपद मुंगेर बिहार की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि दीपिका शादी के बाद से अपने ससुराल वालों से यह कह रही थी कि वह नौकरी करेगी, लेकिन उसके ससुराल वाले कह रहे थे कि तुम घर पर रहो और घर संभालो। इस बात को लेकर वह तनाव में थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को उसने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार पहुंचे तथा उनकी देखरेख में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतका के मायके वालों ने अभी तक कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है। अगर वे कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस मामले की जांच करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

