सरकारी अस्पताल से नवजात बच्ची अगवा
नोएडा, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना फेस- 2 क्षेत्र के भंगेल गांव में स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र से एक नवजात बच्ची अगवा हो गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि गौतम नंदन पुत्र राधेश्याम ने बीती रात को थाना फेस-2 में रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्राथमिक चिकित्सालय भंगेल में उनकी पत्नी 6 अक्टूबर को डिलीवरी के लिए भर्ती हुई। 8 अक्टूबर को उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। पीड़ित के अनुसार इसी बीच वहां पर एक अज्ञात महिला आई तथा उनकी पत्नी और उनकी मां से बातचीत कर जान पहचान बनाने लगी। उसने कहा कि सरकारी अस्पताल में बच्चा पैदा होने पर ढाई हजार रुपए दिया जाता है। वह पैसा दिलवाने के लिए उनसे उनके परिवार के साथ नजदीकी बढ़ाई। पीड़ित के अनुसार वह महिला 9 अक्टूबर शाम को दोबारा से अस्पताल में आई और उनकी बच्ची को खिलाने लगी। उसने वहां मौजूद उनकी सास को बातों में उलझाया और बच्ची को लेकर चली गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने अपनी बच्ची को अगवा करने का आरोप लगाते हुए थाना फेस-2 में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस की तीन टीमें लगाकर महिला की तलाश की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि यह महिला बच्चा चोरी करने वाले गैंग की सक्रिय सदस्य है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसी आशंका है कि यह महिला नवजात बच्चों को चोरी करके जिनकी संतान नहीं होती उनको बेचती है। पुलिस सर्विलांस विधि और सीसीटीवी कैमरे की सहायता से आरोपी महिला की तलाश में जुटी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

