आगरमालवाः जंगल की झाड़ियों में मिला तीन घंटे का नवजात, जिला अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती
आगरमालवा, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के ग्राम बर्डाबरखेड़ा के जंगल में सोमवार सुबह झाड़ियों के बीच एक नवजात बालक जीवित अवस्था में मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। नवजात के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को उसके झाड़ियों में पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस और डायल 112 की टीम ने एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एनआईसीयू में भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत स्थिर है।
पुलिस के मुताबिक, नवजात के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस को तत्काल मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस स्टाफ ने बच्चे को सुरक्षित जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जन्म के करीब तीन घंटे बाद ही नवजात को जंगल की झाड़ियों में छोड़ दिया गया था।
पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। नवजात को झाड़ियों में छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान करने और इसके पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

