home page

झाड़ियों में मिला नवजात, कांटों में फंसा-शरीर पर कीड़े, हालत गंभीर

 | 
झाड़ियों में मिला नवजात, कांटों में फंसा-शरीर पर कीड़े, हालत गंभीर


जालोर, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के धुंबड़िया गांव के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां झाड़ियों के बीच कांटों में एक नवजात शिशु मिला, जिसे किसी ने सीमेंट के खाली कट्टे में डालकर फेंक दिया था। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई।

मंगलवार सुबह जवाई नदी के पास खेतों में काम कर रहे लोगों को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।

प्रत्यक्षदर्शी अमृतलाल के अनुसार जब ग्रामीण झाड़ियों की ओर पहुंचे तो कांटों के बीच कट्टे में नवजात पड़ा मिला। उसके शरीर पर कीड़े रेंग रहे थे और मक्खियां भिनभिना रही थीं। सूचना मिलते ही बागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी बलदेवराम के नेतृत्व में टीम ने नवजात को बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागोड़ा पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जालोर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद बिश्नोई ने बताया कि नवजात को गंभीर अवस्था में लाया गया था। उसके शरीर, हाथ-पैर और सिर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। झाड़ियों में फेंके जाने के कारण कांटे चुभे हुए थे और शुगर लेवल भी काफी कम पाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार नवजात को जन्म के करीब 12 से 24 घंटे के भीतर ही यहां फेंक दिया गया था। मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को भी दे दी गई है।

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है ताकि नवजात को इस हालत में छोड़ने वालों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित