home page

लूटपाट का विरोध करने पर युवक की चाकू घोंपकर हत्या

 | 

नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में शनिवार तड़के मोहम्मद तौहीद अंसारी (19) नामक युवक की चाकू से वारकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह तौहीद का शव थाने से चंद कदमों दूर डीडीए पार्क में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया। मृतक के सीने, पेट और कमर में कई चाकू वार थे। तौहीद का मोबाइल फोन और जेब में रखा कैश गायब मिला है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि लूटपाट के दौरान उसे मौत के घाट उतारा गया। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि तौहीद अपने परिवार के साथ के-ब्लॉक, सीलमपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता मोहम्मद मोहसिन अंसारी, मां, एक छोटा भाई व दो बहनें हैं। मोहसिन तांबे के पुराने कबाड़ के तारों का काम करता है। तौहीद भी अपने पिता के साथ ही काम करता था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह घर से टहलने जाने की बात कर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो उसका नंबर बंद आ रहा था। इस बीच परिवार रातभर तौहीद की तलाश करता रहा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इधर तड़के लोगों ने खून से लथपथ युवक की लाश पड़ी देखकर पुलिस को खबर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी