नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार देर रात एक नाबालिग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 12 से 15 नाबालिग लड़कों ने दौड़ा-दौड़ाकर नाबालिग को करीब 15 चाकू मार दिए। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान अभिषेक (17) के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम एवं एफएसएल भी मौके पर पहुंच गई। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार दोपहर तक दो नाबालिग समेत चार आरोपिताें को पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपिताें की पहचान विवेक ठाकुर (21) और निक्की (21) के रूप में हुई है। वहीं, दोनों नाबालिग 17 साल के हैं। पुलिस ने आरोपिताें के पास से वारदात में इस्तेमाल एक चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपिताें की तलाश कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने मंगलवार काे बताया कि अभिषेक परिवार के साथ पांचवां पुश्ता, न्यू उस्मानपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा भाई एवं शादीशुदा बहन है। परिवार का साप्ताहिक बाजारों में सामान बेचने का काम है। एक परिजन ने बताया कि नाबालिग आरोपी का छह माह पूर्व परिवार से झगड़ा हुआ था। अभिषेक का जीजा गली में मौजूद था। इस बीच नाबालिग लड़का किसी के साथ गाली-गलौच कर रहा था। जीजा ने विरोध किया, तो आरोपित उनके साथ झगड़ा करने लगा। इस बीच अभिषेक भी वहां आ गया। कहासुनी के दौरान नाबालिग आरोपित ने अभिषेक के परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
पुलिस से शिकायत होने नाबालिग आरोपित को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया। दो माह बाद बाहर आने के बाद से लगातार नाबालिग आरोपित अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक को जान से मारने की धमकी दे रहा था। परिवार का आरोप है कि सोमवार को मौका मिलते ही आरोपित ने वारदात को अंजाम दे दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

