home page

डीडीए पार्क में किशोर का शव बरामद, हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

 | 
डीडीए पार्क में किशोर का शव बरामद, हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बुधवार तड़के जेपीसी अस्पताल के पास स्थित डीडीए पार्क में एक किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने वारदातस्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस वारदातस्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के मुताबिक आज तड़के न्यू उस्मानपुर पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि डीडीए पार्क में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

जांच के दौरान मृतक की पहचान 17 वर्षीय जैद के रूप में हुई है। ज़ैद अपने पिता यूसुफ व परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में ही ब्रह्मपुरी पुलिया के पास रहता था। स्थानीय पुलिस ने जांच के बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी वारदातस्थल की जांच व साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने पार्क के उस हिस्से की बारीकी से जांच की जहां शव मिला था और वहां से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। मौत के वास्तविक कारण, समय और हत्या के तरीके का सटीक पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस हत्या का मामला दर्ज करके अपराधियों को जल्द से जल्द ट्रेस करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है। कई टीमें आरोपितों की तलाश में हैं। उनकी पहचान के लिए पार्क और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ कर किसी संभावित रंजिश या विवाद का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी