home page

सात घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, दो नाबालिग पकड़े गए

 | 
सात घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, दो नाबालिग पकड़े गए


नई दिल्ली, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने महज सात घंटे के भीतर एक ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए हत्या में शामिल दो नाबालिग को पकड़ लिया।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर फैक्ट्री में काम करते थे और मृतक द्वारा कथित तौर पर लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर उन्होंने हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक, 28 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि डीडीए पार्क के भीतर एक गड्ढे में युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां करीब 18 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। उसके शरीर पर चाकू से गोदने के कई निशान थे। घटनास्थल के पास खून से सना चाकू भी पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए जेपीसी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद न्यू उस्मानपुर थाने में एफआईआर संख्या 514/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बुधवार को बताया कि, मामले का जल्द खुलासा करने के लिए एसीपी सीलमपुर मलकीयत सिंह की निगरानी में टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान साद उर्फ नामी (16), निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर लोनी के बेहटा हाजीपुर निवासी 16 और 17 वर्षीय दो नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पूछताछ में दोनों नाबालिग ने बताया कि वे एक फैक्ट्री में काम करते हैं। मृतक साद उर्फ नामी उन्हें अक्सर धमकाता, परेशान करता और बदमाशी करता था। इससे तंग आकर उन्होंने 27 जुलाई को साद को चप्पल खरीदने के बहाने डीडीए पार्क बुलाया। वहां बातचीत के दौरान कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों ने चाकू से उस पर कई वार किए और उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा वारदात के समय पहने गए उनके कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी