फायरिंग में 12 वर्षीय बालक घायल, दो आरोपित गिरफ्तार, देशी राइफल बरामद
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार शाम हुई फायरिंग की घटना में राह से गुजर रहा 12 वर्षीय बालक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक देशी राइफल भी बरामद की गई है। वहीं, तीसरे आरोपित की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के चौथे पुस्ता इलाके में रहने वाले धर्मेंद्र (43) के घर के बाहर तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान वहां से गुजर रहे 12 वर्षीय बालक के पैर में गोली लग गई। घायल बालक को तुरंत जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में न्यू उस्मानपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। साथ ही जिले के विभिन्न पिकेटों और संवेदनशील स्थानों पर आरोपितों की जानकारी साझा की गई। इसी दौरान पुलिस ने दो आरोपितों प्रांकुर (29) और हर्ष (22) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी राइफल बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिए जाने की आशंका है। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। फरार तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा एक फरार आरोपित की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

