नए पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने संभाला पदभार
जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। भारतीय पुलिस सेवा के सीनियर आईपीएस शरत कविराज ने गुरुवार को यहां जोधपुर कमिश्नरेट में नए पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला। वे यहां ओमप्रकाश पासवान की जगह स्थानांतरित होकर आए है।
दरअसल गत सोमवार को पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश का तबादला जयपुर में विशेष ऑपरेशन के कमिश्नर के तौर पर कर दिया गया था। जबकि महानिरीक्षक पुलिस एसओजी शरद कविराज को जोधपुर का नए कमिश्नर बनाया गया। कविराज पूर्व में जोधपुर ग्रामीण के एसपी भी रह चुके हैं। आज उन्होंने यहां अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनका आयुक्तालय में पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इसके साथ अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों ने उनका स्वागत कर अगवानी की। इस दौरान डीसीपी पश्चिम विनित कुमा बंसल व डीसीपी पूर्व पीडी नित्या सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी वहां मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि शहर में संगठित अपराध पर लगाम लगाना और नशे के कारोबार पर नकेल कसना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने आधुनिक समय की चुनौतियों को देखते हुए साइबर अपराध के नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पारंपरिक पुलिसिंग में बीट प्रणाली को मजबूत करने और आमजन में पुलिस का विश्वास बढ़ाने, शहर की बढ़ती यातायात समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी योजना बनाने और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस मुख्यालय के विजन को जमीनी स्तर पर लागू करने की बात कही।
इनका भी हुआ है तबादला
जोधपुर रेंज आईजी राजेश मीणा को भी जोधपुर से जयपुर लगाया गया है। उनकी जगह सत्येंद्र सिंह को सीआईडी सीबी के आईजी से जोधपुर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद पर लगाया गया है। वहीं आईजी राजेश मीणा को महानिरीक्षक पुलिस गृह रक्षा जयपुर लगाया गया है। इसके अलावा हरेंद्र कुमार महावार को पुलिस उप महानिरीक्षक एसएसबी जोधपुर से महानिरीक्षक पुलिस सीआईडी सीबी लगाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

