राजगढ़ः नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ सेवन से मौत, मायके पक्ष ने लगाए आरोप
राजगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र स्थित तोमर कॉलोनी में बुधवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय राधा उर्फ निशा पत्नी सुनील शर्मा ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग झालावाड़ जिले के ग्राम दात्या, थाना बकानी से ब्यावरा पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
बताया गया कि राधा का विवाह नवंबर 2025 में सुनील शर्मा से हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे और सुबह एक फोन पर जानकारी दी गई कि उसकी तबीयत खराब है एवं इलाज चल रहा है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें महिला की मौत की सूचना मिली। आरोप लगते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया,जिस पर एसडीओपी प्रकाश शर्मा तथा थानाप्रभारी वीरेंद्रसिंह धाकड़ टीम सहित मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार की मौजूदगी में तीन चिकित्सकों के दल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को मायके पक्ष के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ सेवन किया,इसका वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ससुराल पक्ष के आरोपों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

