ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिककर्मी को कार ने मारी टक्कर, सीसीटीवी से काली किआ कार की पहचान
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सराय जुलैना रेड लाइट पर ड्यूटी के दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायल ट्रैफिककर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल से सूचना न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल राहुल कुमार उपचाराधीन मिले।
हेड कांस्टेबल राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वह सराय जुलैना रेड लाइट पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से तेज गति में आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और उपचार शुरू किया गया। मामले में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 163/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान काले रंग की किआ कार के रूप में हुई है। पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

