home page

दल्लूपुरा रोड पर डीटीसी बस ने छात्रा को कुचला, मौत

 | 

नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी जिले के न्यू अशोक नगर इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में आठवीं कक्षा की छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा अपने चाचा के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान दल्लूपुरा रोड पर उनकी स्कूटी डीटीसी बस की चपेट में आ गई। बस की चपेट में आने से छात्रा को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दल्लूपुरा रोड पर हुआ। छात्रा अपने चाचा के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही डीटीसी बस ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा बस के नीचे आ गई और उसे गंभीर चोटें लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

हादसे के बाद बस चालक एसके मुराद (45) मौके से फरार हो गया था। जिसे बाद में पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने पूछताछ में बताया कि वह घटना के बाद घबरा गया था और डर के कारण मौके से चला गया। पुलिस बस को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी