खुद को गोली मारने का मामला: युवक की मौत
नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में खुद को गोली मारने की घटना सामने आई है। 28 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मामले में पुलिस को घटना का वीडियो भी मिला है, जो मृतक के चचेरे भाई के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड पाया गया है। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल से न्यू अशोक नगर थाने को एक एमएलसी के जरिए गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां गांव दल्लूपुरा निवासी पवन कुमार को अचेत अवस्था में लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना दल्लूपुरा गांव में हुई थी। इसके बाद पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगहों का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पवन कुमार ने अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी थी। पुलिस ने मौके से पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं। वहीं हिमांशु के मोबाइल फोन में घटना का वीडियो रिकॉर्ड मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
शुरुआती जांच में वीडियो में पवन कुमार खुद हथियार संभालते हुए गोली चलाते दिखाई दे रहा है, जबकि हिमांशु मौके पर मौजूद था और वीडियो बना रहा था। पुलिस ने घटनास्थल और शव से जुड़े सभी फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटा लिए हैं। एमएलसी रिपोर्ट, वीडियो फुटेज और अन्य परिस्थितियों के आधार पर न्यू अशोक नगर थाने में बीएनएस की धारा 105 और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 146/26 दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

