home page

जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा को गोली मारी, मौत

 | 
जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा को गोली मारी, मौत


भरतपुर, 03 जून (हि.स.)। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र के चकसेना गांव में बुधवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां सीआरपीएफ की नौकरी छोड़ चुके एक युवक ने अपने ही चाचा की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित देसी कट्टा और मोबाइल घर के पास फेंककर फरार हो गया। पुलिस जंगल में उसकी तलाश कर रही है।

डीएसपी सुरेश कुड़ी ने बताया कि चकसेना गांव निवासी साहब सिंह (70) और उनके भतीजे अनिल उर्फ अन्नू (38) के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। इसी दौरान अनिल ने देसी कट्टे से चाचा साहब सिंह के सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित हथियार लेकर फरार हो चुका था। गंभीर हालत में परिजन और पड़ोसी साहब सिंह को उच्चैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित अनिल करीब दो वर्ष पहले सीआरपीएफ की नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था। वहीं मृतक का बेटा धौलपुर पुलिस में कार्यरत है। डीएसपी सुरेश कुड़ी ने बताया कि आरोपित वारदात के बाद भागते समय घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा और मोबाइल घर के पास ही फेंक गया था। पुलिस ने दोनों सामान बरामद कर जब्त कर लिए हैं। आरोपित की तलाश के लिए संभावित ठिकानों और आसपास के जंगल क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपित के पिता मान सिंह भरतपुर में आरएसी में तैनात हैं। आरोपित का परिवार फिलहाल भरतपुर में रहता है, जबकि अनिल गांव में अलग रह रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद और नशे की हालत में हुआ झगड़ा सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित