भतीजे ने दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की थी बुंदेली लोक गायिका लाड़कुंवर की हत्या
साक्ष्य छुपाने को जलाया शव , बियर की केन ने पहुंचाया कातिल भतीजे तक
झांसी, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित थाना उल्दन क्षेत्र में बुंदेली लोक गायिका लाड़कुंवर उर्फ लवली मौर्या की हत्या और शव जलाकर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने साेमवार काे पूरी तरह से खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि रिश्ते में भतीजा लगने वाले प्रमोद कुशवाहा ने ही दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर लाड़कुंवर की हत्या की थी। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस जघन्य वारदात का पर्दाफाश किया।
जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 08 मई को पठा खरका गांव के पास सूखे नाले में लवली का अधजला शव बरामद हुआ था। शव के पास बीयर की केन और शराब की बोतलें मिली थीं। घटनास्थल सुनसान इलाके में था, जहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा या लोगों की आवाजाही नहीं थी। ऐसे में पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बीयर की केन साबित हुई। केन पर लगे होलोग्राम और नंबर को स्कैन करने पर शराब दुकान का पता चला। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में प्रमोद कुशवाहा शराब खरीदते दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने लवली का कॉल रिकॉर्ड खंगाला, जिसमें आखिरी लंबी बातचीत प्रमोद से होना सामने आया। संदेह गहराने पर पुलिस ने प्रमोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार प्रमोद ने बताया कि वर्ष 2022 में दिनेश राय हत्याकांड में वह और लवली साथ जेल जा चुके थे। इस मामले में लवली अहम गवाह थी और वह गवाही देने की धमकी देकर प्रमोद को ब्लैकमेल कर रही थी। प्रमोद करीब दो लाख रुपये दे चुका था, जबकि लवली पचास हजार रुपये और मांग रही थी। इसी से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।
08 मई की शाम प्रमोद ने पैसे देने के बहाने लवली को बुलाया। दोनों ने शराब पी, जिसके बाद प्रमोद ने अधिक शराब पिलाकर उसे नशे में कर दिया। उसके साथ दुष्कर्म किया और मौका मिलते ही गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसने शव को आग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक प्रमोद और लवली के बीच कथित निजी संबंध भी थे, जिनका प्रमोद की पत्नी विरोध करती थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को आज जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

